सुरक्षा एवं सुविधा दोनों के बीच संतुलन बनाकर कार्य करना आवश्यक -मनोज चौधरी
Seraikella
सरायकेला नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। लंबे समय से बस्तीवासियों के विरोध के कारण रुका हुआ तीसरे फीडर का कार्य अब पुनः शुरू हो गया
ज्ञात हो कि वर्तमान में टाउन क्षेत्र में मात्र दो फीडरों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण ओवरलोड, बार-बार ट्रिपिंग एवं लो-वोल्टेज जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। RDDS योजना के अंतर्गत तीसरे फीडर हेतु 33,000 लाइन से नई लाइन खींचने का कार्य प्रस्तावित था, लेकिन राजबांध बस्ती क्षेत्र में स्थानीय विरोध के कारण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा था।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी द्वारा लगातार विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से समन्वय एवं जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। विद्युत विभाग द्वारा बस्ती वासियों के विरोध को दूर करवाने के लिए श्री चौधरी से हस्तक्षेप कर समाधान निकालने का आग्रह किया गया था।
इसके बाद आज सुबह अध्यक्ष श्री चौधरी ने राजबांध बस्तीवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड पार्षद श्रीमती ज्योति साहू के आवास पर बैठक आयोजित की। बैठक में विद्युत विभाग की ओर से सहायक अभियंता श्री संजय सवैया, जूनियर अभियंता श्री कुणाल प्रजापति, संबंधित संवेदक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
बैठक के दौरान बस्तीवासियों ने 33,000 लाइन से संभावित जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस पर विभागीय अभियंताओं ने सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य कराने का आश्वासन दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने स्पष्ट कहा कि जनहित के काम को बाधित करना उचित नहीं है
“जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन शहर की मूलभूत सुविधाओं को भी बाधित नहीं होने दिया जा सकता। सुरक्षा एवं सुविधा दोनों के बीच संतुलन बनाकर कार्य करना आवश्यक है।”
बैठक के बाद आपसी सहमति बनी तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ कार्य आगे बढ़ाने पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।
मनोज चौधरी ने बताया कि तीसरे फीडर के चालू होने के बाद नगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की संभावना है तथा बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज एवं ओवरलोड की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
