ओलंपिक डे रन, फुटबॉल प्रतियोगिता व वृक्षारोपण के साथ अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस सप्ताह का आगाज
Seraikella
सरायकेला। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला मुख्यालय सरायकेला में ओलंपिक डे रन, फुटबॉल प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ सप्ताहव्यापी खेल एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला खेल विभाग एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ इंडोर स्टेडियम गेस्ट हाउस से बिरसा मुंडा स्टेडियम तक आयोजित ओलंपिक डे रन (क्रॉस कंट्री रेस) से हुआ। दौड़ में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों एवं युवाओं ने हिस्सा लेकर फिटनेस और खेल भावना का परिचय दिया। इसके उपरांत फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर “ओलंपिक फॉरेस्ट-ओलंपिक 2036” थीम के तहत 200 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि ओलंपिक दिवस केवल खेलों का उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने का भी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, जिला खेल संघ (डीएसए) के सचिव मोहम्मद दिलदार, जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो सहित खेल पदाधिकारी कार्यालय के कर्मी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस सप्ताह की शुरुआत हुई। आगामी दिनों में जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
