खरसावां के कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्राओं को महिला सुरक्षा और कानूनों की दी गई जानकारी,
Kharsawan
खरसावां : पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, खरसावां में गुरुवार को छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बच्चा चोरी की अफवाहों से सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि के बाद ही प्रतिक्रिया देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों और अधिकारों की जानकारी देते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा एवं गुड समैरिटन (Good Samaritan) कानून के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्तियों की मदद करने के लिए लोग आगे आ सकें।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल एवं प्रभावी तरीके से जवाब दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस तरह के कार्यक्रमों को छात्राओं के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।