खरसावां के आनंदडीह में दो वर्षों से अधूरी पडी
जल जीवन मिशन योजना, ग्रामीण पेयजल सुविधा से वंचित,
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र की कार्रवाई की मांग
kharsawan
खरसावां प्रखंड के आनंदडीह गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत निर्मित सोलर संचालित जलमीनार करीब दो वर्षों से अधूरी पडी है। इसके कारण ग्रामीणों को अब तक स्वच्छ पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है। इस संबंध में गांव के ग्राम प्रधान भरत उरांव ने चिंता जताते हुए संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान भरत उरांव ने बताया कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव में लगभग 8000 लीटर क्षमता वाली सोलर संचालित जलमीनार का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद योजना को अब तक चालू नहीं किया गया है।

वहीं पाइपलाइन का कार्य भी अधूरा पडा हुआ है, जिसके कारण गांव के लोग जल जीवन मिशन योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन विभागीय लापरवाही और कार्य में हो रही देरी के कारण ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा महिलाओं, बच्चों एवं गरीब परिवारों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पडता है। ग्राम प्रधान ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि योजना की स्थिति की जांच कर जल्द से जल्द शेष कार्य पूरा कराया जाए, ताकि गांव के सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण अपने पेयजल अधिकार को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
