खरसावां विधानसभा के चार प्रमुख चौकों पर जली हाईमास्ट लाइट, विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन
Kharsawan
खरसावां विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधायक दशरथ गागराई ने गुरुवार को कुचाई प्रखंड के चार प्रमुख चौकों पर नवनिर्मित हाईमास्ट लाइट का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने चिरुडीह चौक, गोपीडीह चौक, सांकोडीह चौक और चाकड़ी चौक में हाईमास्ट लाइट का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि प्रमुख चौकों पर हाईमास्ट लाइट लगने से रात के समय बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र में सुरक्षा भी मजबूत होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि खरसावां विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता कायम है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इन चौकों पर लंबे समय से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। हाईमास्ट लाइट चालू होने से अब रात के समय आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।
