सरायकेला में मतदाता सूची पुनरीक्षण का जायजा लेने घर-घर पहुंचे उपायुक्त, सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण
Seraikella
सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह शुक्रवार को स्वयं नगर पंचायत सरायकेला के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और घर-घर जाकर चल रहे सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया।
दोपहर करीब दो बजे उपायुक्त इंद्रटांडी मोहल्ले में मतदाताओं के घर पहुंचे, जहां उन्होंने इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं सत्यापन प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान मतदाताओं से फॉर्म पर हस्ताक्षर भी कराए गए और अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में हाउस-टू-हाउस विजिट अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी सटीकता के साथ पूरा हो सके। साथ ही सत्यापन के दौरान प्राप्त होने वाले सभी मामलों के त्वरित निष्पादन के भी निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, बीएलओ एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
