खरसावां में कांग्रेस का ब्लॉक संवाद कार्यक्रम, संगठन विस्तार और 2029 की तैयारी पर जोर, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य, कार्यकर्ता सक्रिय हो जाए- कालीचरण मुंडा
Kharsawan
खरसावां स्थित काली मंदिर सामुदायिक भवन में गुरूवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा ब्लॉक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष राज बागची ने की, जिसमें संगठन विस्तार, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार के जनहितकारी कार्यों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और उनके सुझाव लेने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से सक्रिय हो जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया का दुरुपयोग कर भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी नागरिक को उसके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस व्यवस्था के पक्ष में है, जबकि भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने आगामी चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन का भी दावा किया। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने बूथ से लेकर जिला स्तर तक पार्टी संरचना को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया और बीएलओ को एसआईआर के दौरान यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से न छूटे।
जिलाध्यक्ष राज बागची ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में इस तरह के संवाद कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
प्रशिक्षण सत्र में प्रकाश कुमार राजू और प्रेमेंद्र मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव छोटराय किस्कू, कार्यकारी जिलाध्यक्ष तरुण डे, सहित शंकर लोवादा, हरि महतो, साजिद अंसारी, सुमित शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
