अंबेडकर जयंती पर भाजपा की विचार संगोष्ठी, सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
Seraikella
सरायकेला: भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों के तहत रविवार को जिला भाजपा कार्यालय, सरायकेला में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह प्रदेश उपाध्यक्ष बढ़कुवर गगराई उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने वंचित वर्ग और महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल एक महान विधिवेत्ता और शिक्षाविद थे, बल्कि दूरदर्शी राजनेता भी थे, जिनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वहीं आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
संगोष्ठी के बाद जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में जिले के सभी 23 मंडल कमेटियों के पदाधिकारियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने कहा कि जिला संगठन जनता की समस्याओं को लेकर मुखर रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अनन्तराम टुडू, पूर्व जिलाध्यक्ष रामनाथ महतो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भूषण टुडू ने किया।
इस मौके पर सतीश शर्मा, अमितेश अमर, ललन शुक्ला, रितिका मुखी, सूर्या देवी, पप्पू वर्मा, शंभु मंडल, बद्री दारोगा, सावित्री बानरा, बलदेव मंडल, बीजू दत्ता, आकाश रंजन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
