अब मनमानी नहीं चलेगी सरायकेला की विद्युत व्यवस्था सुधार हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय – मनोज चौधरी
सरायकेला नगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बनी सहमति
Seraikella
सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी द्वारा जमशेदपुर विद्युत क्षेत्र के महाप्रबंधक को सरायकेला नगर क्षेत्र में लगातार उत्पन्न हो रही विद्युत समस्याओं, अनियमित आपूर्ति, लो-वोल्टेज, बार-बार लाइन ट्रिपिंग, स्मार्ट मीटर संबंधी त्रुटियों, तकनीकी लापरवाही एवं उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के संबंध में विस्तृत शिकायत पत्र प्रेषित किया गया था।
उक्त शिकायत को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए महाप्रबंधक स्तर से त्वरित पहल की गई, जिसके फलस्वरूप विद्युत अधीक्षण अभियंता संजय कुमार, चाईबासा की उपस्थिति में सरायकेला कार्यपालक अभियंता कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता श्री लाल जी प्रसाद, सहायक अभियंता श्री संजय सवैया जी, कनीय अभियंता कुणाल प्रजापति, नगर पंचायत के प्रबंधक श्री महेश जारिका एवं विद्युत इंस्पेक्टर सुश्री चांदनी मिंज सहित विद्युत प्रमंडल के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य सरायकेला नगर क्षेत्र की वर्तमान विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करना तथा जनहित में त्वरित एवं दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने विस्तारपूर्वक कहा कि वर्तमान समय में नगर क्षेत्र की जनता कई गंभीर विद्युत समस्याओं से जूझ रही है। बार-बार बिजली बाधित होना, लंबे समय तक लाइन बंद रहना, लो-वोल्टेज की समस्या, स्मार्ट मीटर की तकनीकी खराबियाँ, कई महीनों का एक साथ बिल भेजा जाना, जर्जर तारों एवं कमजोर लाइनों के कारण बार-बार फॉल्ट उत्पन्न होना, तकनीकी समन्वय की कमी तथा उपभोक्ताओं के साथ असुविधाजनक व्यवहार जैसी समस्याओं से आम नागरिकों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि बेहतर विद्युत व्यवस्था केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि पेयजल आपूर्ति, व्यापारिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की पढ़ाई, अस्पताल सेवाओं एवं आम जनजीवन से सीधे जुड़ा हुआ विषय है। इसलिए विद्युत विभाग को जनभावनाओं के अनुरूप जवाबदेह, संवेदनशील एवं व्यवस्थित कार्यप्रणाली अपनानी होगी।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित कराया गया —
उपभोक्ता सुविधा एवं कार्यालय व्यवस्था
विद्युत कार्यालय में आम नागरिकों हेतु बैठने एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, शिकायत निवारण हेतु हेल्प डेस्क एवं शिकायत रजिस्टर संचालित करने तथा उपभोक्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं जनहितकारी व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की गई।
स्मार्ट मीटर एवं बिलिंग संबंधी समस्याएँ
स्मार्ट मीटर की तकनीकी खराबियों का त्वरित समाधान करने, कई महीनों के लंबित बिल को एक साथ भेजे जाने की समस्या का पारदर्शी एवं चरणबद्ध समाधान निकालने तथा बिलिंग त्रुटियों के समाधान हेतु विशेष कैंप एवं अलग काउंटर संचालित करने का सुझाव दिया गया।
साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया कि कार्यपालक अभियंता सप्ताह में कम-से-कम एक दिन निर्धारित समय तक कार्यालय में बैठकर सीधे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
अधिकारियों की जवाबदेही एवं निगरानी
बैठक में कहा गया कि एसडीओ एवं कनीय अभियंता प्रतिदिन निर्धारित समय तक आम जनता हेतु उपलब्ध रहें तथा प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से 9:00 बजे तक पीक आवर में संबंधित पदाधिकारी PSS में उपस्थित रहकर विद्युत आपूर्ति की निगरानी करें।
इसके अतिरिक्त एसडीओ द्वारा सप्ताह में कम-से-कम दो दिन तथा कार्यपालक अभियंता द्वारा सप्ताह में एक दिन PSS में बैठने एवं प्रत्येक माह जीएम एवं ईएसी स्तर से क्षेत्रीय निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव रखा गया।
तकनीकी सुधार एवं विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ीकरण
छोटे तकनीकी कार्यों के लिए पूरे शहर की बिजली बंद करने की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए Ladder एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही गई।
टाउन क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर AB Switch लगाने, सभी ब्रेकरों की नियमित जांच एवं मरम्मत, बंद पड़े फीडरों को शीघ्र चालू करने तथा जर्जर तारों एवं कमजोर लाइनों की समयबद्ध मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बरसात के पूर्व नदी के अंदर स्थित पांच विद्युत पोल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया।
नेटवर्क एवं आधारभूत संरचना सुधार
बैठक में Ulijhari से सरायकेला तक Underground Cabling हेतु DPR तैयार कर सरकार को प्रस्ताव भेजने, Town Hall एवं PHED के लिए Dedicated 33,000 लाइन से अलग ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था करने तथा TRW व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं सक्षम बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
समन्वय एवं संचार व्यवस्था
Ulijhari एवं RKSN लाइन से जुड़े बार-बार ट्रिपिंग एवं बिना कारण आपूर्ति बाधित होने की समस्या को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों के बीच नियमित समन्वय एवं प्रत्यक्ष संवाद सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।
साथ ही केवल WhatsApp आधारित सूचना प्रणाली के बजाय समयबद्ध रिपोर्टिंग एवं दूरभाष समन्वय को अनिवार्य बनाने की मांग की गई।
मैनपावर एवं रात्रि पेट्रोलिंग
बैठक में Skilled Line Man की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए नई बहाली एवं वर्तमान कर्मियों के तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
रात्रि पेट्रोलिंग हेतु अतिरिक्त वाहन, मैनपावर एवं संसाधन उपलब्ध कराने तथा रात में कार्यरत लाइनमैन हेतु व्यवस्थित ड्यूटी रोस्टर एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गई।
बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत विद्युत अधीक्षण अभियंता, चाईबासा द्वारा कई समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं कुछ तकनीकी एवं विभागीय विषयों पर आवश्यक विभागीय पत्राचार एवं उच्चस्तरीय स्वीकृति प्राप्त कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने कहा किहमारी सार्थक पहल का असर अब सरायकेला नगर क्षेत्र में साफ दिखाई देने लगा है।
साफ-सफाई, पेयजल एवं शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विद्युत सेवाएं भी धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही हैं।
एक समय दिनभर में सैकड़ों बार पावर कट, लो-वोल्टेज एवं लगातार ट्रिपिंग से आम जनता परेशान रहती थी, लेकिन पिछले लगभग एक माह में प्राकृतिक बाधाओं को छोड़ दें तो विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में पहले की तुलना में काफी सुधार महसूस किया जा रहा है, जिसे सरायकेला की जनता स्वयं अनुभव कर रही है।
सरायकेला नगर क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित एवं निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। बेहतर विद्युत व्यवस्था ही बेहतर शहर, बेहतर जनजीवन एवं बेहतर प्रशासन की आधारशिला है। नगरहित एवं जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
