खरसावां में अनियंत्रित कार ने होंडा शोरूम में मारी टक्कर, दो नई बाइक क्षतिग्रस्त
kharsawan
खरसावां-कुचाई मुख्य सड़क पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार इंडिगो कार अनियंत्रित होकर देहरूडीह गांव स्थित होंडा शोरूम में जा घुसी। इस हादसे में शोरूम के बाहर खड़ी दो नई बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो कार (जेएच 05 एएफ 3268) कुचाई से खरसावां की ओर आ रही थी। कार में खरसावां के बैजनाथपुर गांव निवासी रौशन राउत तथा पदमपुर-तेलीसाही गांव निवासी विवेक साहू सवार थे। बताया जा रहा है कि कार तेज गति में थी और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार मुख्य सड़क से करीब 15-20 फीट अंदर जाकर सीधे होंडा शोरूम में घुस गई।

दुर्घटना में शोरूम के बाहर खड़ी दो नई बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं शोरूम के समीप स्थित एक घर का करकट शेड भी टूट गया। कार का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय एक युवक वहां मौजूद था, जो किसी तरह बच निकला। दुर्घटना में कार सवार दोनों युवकों को भी चोट लगी है। हालांकि घटना के बाद दोनों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि कार सवार युवक नशे की हालत में थे। वहीं सूत्रों के अनुसार कुछ लोग मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खरसावां-कुचाई मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और वाहन जांच अभियान को सख्ती से चलाने की मांग की है।
