जनगणना कार्य को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज, चार्ज पदाधिकारियों के बीच किट का वितरण
Seraikella Kharsawan
सरायकेला-खरसावां। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में आगामी जनगणना कार्य के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिले के सभी चार्ज पदाधिकारियों के बीच आधिकारिक जनगणना किट का वितरण किया गया। चार्ज स्तर पर उपलब्ध कराई गई किट को संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर्स) एवं प्रगणकों (इन्यूमरेटर्स) के बीच आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराएंगे, ताकि जनगणना कार्य का संचालन प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

इसी सिलसिले में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना कार्य की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जीरो टॉलरेंस की भावना के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कहा गया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित आंकड़ों का शत-प्रतिशत सही संकलन सुनिश्चित करना आवश्यक है। फील्ड में कार्यरत प्रगणकों को घर-घर जाकर सही एवं अद्यतन जानकारी संग्रहित करने तथा सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज करने का निर्देश दिया गया। वहीं पर्यवेक्षकों एवं चार्ज पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने एवं आंकड़ों का सतत सत्यापन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें, आमजन के साथ समन्वय एवं शालीन व्यवहार बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा डाटा संबंधी विसंगति पाए जाने पर उसका त्वरित निराकरण करें।
मौके पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, जिला समन्वयक अर्जुन राम सहित जनगणना कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
