कुचाई के रेगाडीह में लगा 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर, विधायक ने किया उद्घाटन, ग्रामीण को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है-गागराई
Kuchai
कुचाई प्रखंड के अंतर्गत रेगाडीह गांव में खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलकर नया 100 केवी ट्रांसफार्मर लगाया गया।खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने ग्रामीणों की मौजूदगी में फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। मिली जानकारी के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से गांव का पुराना ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसके कारण पिछले एक सप्ताह से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित थी। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। ग्रामीणों की समस्या की जानकारी तिलोपदा पंचायत के मुखिया राम सोय ने विधायक दशरथ गागराई को दी। मामला सामने आते ही विधायक ने बिजली विभाग से संपर्क कर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद विभाग की ओर से नया 100 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। मौके पर श्री गागराई ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए गांव में जल्द बिजली बहाल करना जरूरी था। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे जानकारी दें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके। इस दौरान मुख्य रूप से मुखिया राम सोय, जयप्रकाश गागराई, दिलीप सोय काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
