खरसावां में दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन अभियान
को लेकर बैठक, विद्यालय से बाहर रह रहे दिव्यांग बच्चों की
पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करनेका निर्देश
kharsawan
खरसावां में विद्यालय से बाहर रह रहे दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष नामांकन अभियान-2026 को सफल बनाने के लिए मंगलवार को राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय खरसावां में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देशन में की गई, जबकि आयोजन प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी खरसावां द्वारा किया गया।

बैठक में प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रभारी शिक्षक, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी एवं बीएमआईएस कर्मी उपस्थित रहे। बैठक का शुभआरंभ दीप प्रज्जलीप कर किया। इस दौरान 15 जून से 24 जून 2026 तक चलने वाले दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन अभियान की रूपरेखा, निर्धारित गतिविधियों तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विद्यालय से बाहर रह रहे दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने, अभिभावकों को जागरूक करने तथा शिक्षा के अधिकार से जोडने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी विद्यालयों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। इसी अवसर पर जून माह की मासिक गुरुगोष्ठी भी आयोजित की गई। गुरुगोष्ठी में नए नामांकन की वर्गवार, जातिवार एवं लिंगवार रिपोर्ट, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की स्थिति, ई-विद्या वाहिनी में छात्र-शिक्षक उपस्थिति, एनीमिया प्रतिवेदन, यू-डाइस प्लस में अपार आईडी अद्यतन, प्रयास एवं अन्य शैक्षणिक परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा आठ के विद्यार्थियों की साइकिल योजना से संबंधित प्रतिवेदनों की जांच तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने सभी विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रतिवेदन जमा करने एवं अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया। बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विशेष नामांकन अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। इस बैठक में बीपीओ पंकज कुमार महतो, बीआरपी राजेन्द्र गोप, सीआरपी सरोज मिश्रा, प्रिया रंजन महतो, सीआरपी वैधनाथ मालाकार, शिक्षक अब्दुल माजीद खान, उमा कुमारी सहित विभिन्न विधालय के शिक्षक व शिक्षिकाए उपस्थित थे।
