खरसावां के ब्लू बेल्स इंग्लिश स्कूल के इनवर्टर और
बैटरी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत
के बाद पाया गया काबू, हजारो का नुकसान
kharsawan
खरसावां स्थित ब्लू बेल्स इंग्लिश स्कूल में मंगलवार की शाम शॉर्ट सर्किट के कारण इनवर्टर और बैटरी में अचानक आग लग गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है।

आग लगते ही रेजिडेंशियल स्कूल में रह रहे छात्र-छात्राओं, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इलेक्ट्रिक फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने से इनवर्टर एवं बैटरी सहित अन्य विद्युत उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस पर खरसावां ब्लू बेल्स इंग्लिश स्कूल के प्रचार्य डोमनिक राज ने बताया कि मंगलवार शाम चार बजे शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूल के इनवर्टर और बैटरी में अचानक आग लग गई। खरसावां थाना प्रभारी के माध्यम से अग्निनाशक वाहन (दमकल) को सुचना दे दिया गया था। समय रहते ही सभी के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।
