खरसावां-सरायकेला मार्ग के संजय नदी पुल पर ट्रेलर
की चपेट में आई बाइक, युवक ने कूदकर बचाई जान,
Kharsawan
खरसावां-सरायकेला मुख्य मार्ग पर खपरसाई स्थित संजय नदी के पुराने पुल के समीप रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रेलर के पीछे करने के दौरान एक बाइक उसकी चपेट में आ गई। हालांकि बाइक सवार युवक ने समय रहते बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मिली जानकारी के अनुसार खरसावां प्रखंड के शिमला गांव निवासी बिकास पुथाल (30 वर्ष) अपनी हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर (संख्या जेएच-05 बी बी-2641) से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में ड्यूटी समाप्त कर खरसावां लौट रहे थे। रविवार करीब 3.30 बजे वे खपरसाई स्थित गोविंदपुर के पास संजय नदी के पुराने पुल पर पहुंचे। पुल पर वाहनों की आवाजाही के कारण उन्होंने अपनी बाइक रोक दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक के आगे एक ट्रेलर खड़ा था। इसी दौरान खरसावां की ओर से सरायकेला जा रही एक बोलेरो पुल पर प्रवेश कर गई। सामने से वाहन आने के कारण ट्रेलर चालक ने बोलेरो को रास्ता देने के लिए अपना वाहन पीछे करना शुरू कर दिया। पीछे खड़ी बाइक चालक की नजर से ओझल हो गई और ट्रेलर की चपेट में आ गई। स्थिति को भांपते हुए बिकास पुथाल तत्काल बाइक से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि ट्रेलर बाइक को कई फीट तक घसीटता हुआ पीछे ले गया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाइक की क्षति की भरपाई को लेकर ट्रेलर चालक और बाइक मालिक के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि संजय नदी का पुराना पुल होने के कारण यहां अक्सर जाम और दुर्घटना की स्थिति बन जाती है। भारी वाहनों के पीछे करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि ट्रेलर जैसे बड़े वाहनों के पीछे का हिस्सा चालक के लिए ब्लाइंड स्पॉट होता है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बाइक चालक की सूझबूझ तथा फुर्ती के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
