कुचाई के सीमावर्ती क्षेत्र अड़की में देश प्रेम को समर्पित
तिरंगा यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तृती, देश के
प्रति अटूट प्रेम ही ईश्वर की आराधना है-नवीन टोप्पो
kuchai
पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज दूसरे चरण में कुचाई के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित खूंटी के प्लस टू उच्च विद्यालय अड़की में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर देश प्रेम को समर्पित तिरंगा यात्रा एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर विद्यालय के प्राचार्य नवीन रोशन टोप्पो ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि जिसके हृदय में देश के प्रति श्रद्धा और सम्मान नहीं है। वह इंसान पत्थर के समान है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता को अक्षुण्ण रखना है एवं सभी को राष्ट्र के मुख्य धारा में जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अपने देश के प्रति अटूट प्रेम ही ईश्वर की आराधना है ।

इस दौरान लोक कला मंच खरसावां के कलाकारों ने माया बंधन, शिकारी जैसे खरसावां शैली छऊ नृत्यों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आजादी का महत्व बताया। शिकारी नृत्य में हिरण को आज़ाद कर यह संदेश देने का प्रयास किया गया की आजादी न केवल इंसान बल्कि पशुओं के लिए भी आवश्यक है। अभिभावक, सीआरपीएफ के जवान, स्थानीय ग्रामीण एवं बालक बालिकाओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में लोक कला मंच के कलाकारों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर हर घर तिरंगा की थीम पर रचित एक धुन पर विद्यालय से एक तिरंगा यात्रा निकाली गई जो आसपास के ग्रामों से गुजरकर विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
