आनंदपुर में हाथियों द्वारा क्षति पहुंचाने पर 23 ग्रामीणों के बीच 26,64,280 लाख के मुआवजा वितरण, प्राकृति आपदा या हाथियों द्वारा नुकसान होने पर करें आवेदन मिलेगा मुआवजा-जगत माझी
Anandpur
आनंदपुर: पोड़ाहाट वन प्रमंडल अंतर्गत आनंदपुर के डाक बंगला में सोमवार को क्षतिपूर्ति मुआवजा राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक जगत माझी एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव उपस्थित रहे। मौके पर विगत दिनों आनंदपुर प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्र गोंदपुर, आनंदपुर, बुरुइन्चिंडा, रूंगीकोचा, बटमा, रुंघी, लोरपोंडा, ठियाटांगर, गुड़गांव, सतबमड़ी, गुड़गांव, गीतिउली, बोरोतिग्गा आदि गांव में हाथियों द्वारा धान की फसलों समेत घरों को नुकसान पहुंचाया गया था। इसके साथ ही गीतिउली की एक बुजुर्ग महिला बुधनी सोलंकी को हाथी ने कुचल कर मार डाला था। विधायक जगत माझी तथा जिप उपाध्यक्ष रंजीत यादव के हाथों बुधनी सोलंकी के परिजन समेत 23 पीड़ितों के बीच 26,64,280 लाख रूपये का मुआवजा राशि के रूप में वितरण किया गया। गौरतलब हो कि विगत दिनों हाथियों के झुंड ने प्रखंड के गांवों में जमकर उत्पात मचाया था। इस दौरान हाथियों ने कई लोगों के मकान एवं फसल को बर्बाद कर दिया था। जिसे लेकर आनंदपुर वन क्षेत्र कार्यालय में पीड़ित लोगों ने आवेदन देकर मुआवजा की मांग की गई थी। मौके पर विभाग की टीम द्वारा जांच पड़ताल के बाद ही पीड़ितों को क्षतिपूर्ति राशि मुहैया कराई गई है। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा प्राकृति आपदा में नुकसान होने पर मुआवजा का प्रावधान है। जंगली जानवर, आग लगने, बिजली,नदी-नालों में डूबने से मृत्यू, घायल या मकान को नुकसान आदि घटनाओं में मुआवजा का प्रावधान है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा ऐसी घटनाओं पर सरकारी प्रक्रियाओं का पालन करें एवं संबंधित विभाग को आवेदन दें क्षतिपूर्ति के रूप में मुआवजा राशि दिलाया जाएगा। मौके पर आनंदपुर के रेंजर तरुण कुमार सिंह, फॉरेस्टर आलोक तुबीद, झामुमो नेता संजीव गंताइत, राजू सिंह, पिंटू जैन, आशीष गंताइत, वन विभाग के कर्मी समेत पीड़ित ग्रामीण उपस्थित रहे।
