खरसावां में जिला फुटबॉल लीग-2025 प्रतियोगिता में सरना
तारुब कांड्रा ने भूरसा राजनगर को 7-1 से और डीकेएमसी नारायणबेड़ा
ने आरएन स्पॉटिंग जुगीडीह को 3-0 से किया पराजित
kharsawan
झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के निर्देशानुसार संचालित सरायकेला खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2025 ”अर्जुना कप” फुटबॉल प्रतियोगिता के बुधवार को खेले गए पहले मैच में सरना तारुब कांड्रा के स्ट्राइकर राहुल हेंब्रम की तिकड़ी के बदौलत भूरसा राजनगर की टीम को 7-1 से पराजित कर बड़ी जीत दर्ज की। आज खेले गए दूसरे मैच में डी के एम सी नारायण बेड़ा ने आर एन स्पॉटिंग जुगीडीह को 3-0 से पराजित किया।

आज खेले गए पहले मैच के पहले हाफ के 8 वें मिनट में कांड्रा के फॉरवर्ड राहुल हेंब्रम ने दाहिने छोर से मिले गेंद को खूबसूरती से गोल में तब्दील कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद भी राहुल का जलवा जारी रहा। उन्होंने मैच के 10 वें एवम 44 वें मिनट में गोल दाग कर अपना हेट्रीक पूरी की। मैच के 26 मिनट में कांड्रा के छूटू मार्डी, 36 वें मिनट में मनीराम किस्कू एवं 56 वें मिनट में फागू हांसदा ने गोल्स की झड़ी लगाकर अपनी टीम की जीत पक्की कर ली। राजनगर टीम की ओर से एकमात्र गोल मैच के 27 वें मिनट में दुर्गा प्रसाद मुर्मू ने स्कोर किया। इस मैच में रैफरी की भूमिका कृष्णा पाड़ेया, विशाल गोप, तपन नायक, रघुनाथ महतो ने निभाई। वही दूसरे मैच में डी के एम सी नारायणबेड़ा ने आर एन स्पॉटिंग जुगीडीह को 3-0 से पराजित किया। मैच के पहले मिनट में रसिका बोदरा ने गोल दागकर सनसनी फैला दी। मैच के 39 वें मिनट में रसिका ने अपना दूसरा गोल दाग कर नारायणबेड़ा को 2-0 तक पहुंचा दिया। मैच के 48 वें मिनट में कुश हांसदा ने अपनी टीम की ओर से अंतिम गोल दाग कर जीत सुनिश्चित कर ली। आज खेले गए दूसरे मैच में रेफरी की भूमिका एन के सिंहदेव, संतोष महतो, बिरेन पॉल एवं कृष्णा पाड़ेया ने निभाई। इसी मैदान में आगामी 24 जुलाई को दोपहर 2 बजे पहला मैच एस के स्पॉटिंग हरिभंजा बनाम एस एम सी प्रधानगोडा और दूसरा मैच शाम 4 बजे सरना एकेडमी सीनूडीह बनाम ग्रीन एरिया दलभंगा के बीच खेला जाएगा।
