चांडिल अंचल मे कार्यरत राजस्व कर्मचारी को घूस लेते एसीबी ने रंगेहाथ किया गिरफ्तार, आदिवासी खतियानधारी की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी,
Chandil चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी शनि बर्मन को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की जमशेदपुर टीम ने 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शनि बर्मन जो आदित्यपुर का निवासी है और चांडिल अंचल के हल्का नंबर 3 में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार चांडिल प्रखंड अंतर्गत कदमडीह ग्राम निवासी आदिवासी खतियानधारी राजेश हेम्ब्रम, पिता सुकराम माझी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उनकी पैतृक भूमि जो मौजा दालग्राम, खाता संख्या 38, 39, 40, 41 और प्लॉट संख्या 46/ए, 70/A, 67/ए, 45/ए, 316/ए, 323/ए, 367/ए, 364/ए में कुल 1 एकड़ 13.5 डी में है, को ऑनलाइन खतियान पंजी-2 में दर्ज कराने के लिए राजस्व कर्मचारी ने 10,000 रुपये की मांग की थी। राजेश हेम्ब्रम ने बताया कि उन्होंने भूमि पंजीकरण के लिए 10 जनवरी 2025 को ऑनलाइन आवेदन किया था जिसका ग्रिवेंस नंबर पीआरआई2406030248690922025110511017483827 है। घूस मांगने की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से घूस की रकम लेते ही आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से चांडिल अंचल में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने एसीबी की कार्रवाई का स्वागत करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस घटना ने अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार की हकीकत को उजागर कर दिया है।
