चक्रधरपुर के विधायक प्रतिनिधि को लगी गोली जबड़े में फंसी, रेकी कर अपराधी ने मारी गोली,
Jamshedpur चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू पर गुरुवार रात शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके में जानलेवा हमला हुआ. बिष्टुपुर स्थित डीएम मदन स्कूल के सामने खाऊ गली में अज्ञात अपराधियों ने समरेश सिंह को गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे समरेश सिंह अपने दोस्तों के साथ गोरखा जीप से आइसक्रीम खाने खाऊ गली पहुंचे थे। आइसक्रीम खाने के दौरान ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तीन से चार की संख्या में अपराधी वहां आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली समरेश के जबड़े में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अपराधियों ने घटना से पूर्व समरेश की रेकी की थी।जैसे ही वे ठेले के पास रुके, अपराधियों ने निशाना साधते हुए फायरिंग कर दी। कुल दो गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक समरेश को लगी. गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ मच गई। आमतौर पर शाम के समय खाऊ गली में भारी भीड़ रहती है, जहां खाने-पीने के कई ठेले लगे रहते हैं।
इस व्यस्त इलाके में अपराधियों का इस तरह से गोली चलाकर फरार हो जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। घायल समरेश सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, और वे टीएमएच में चिकित्सकों की निगरानी में हैं. गोलीकांड के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
