झारखंड विस की सदाचार समिति पहुंची सरायकेला-खरसावां, जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ की गई समीक्षा बैठक, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करे-रामचंद्र सिंह
Seraikella सरायकेला परिसदन सभागार, सरायकेला में झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने की, जबकि समिति सदस्य चंद्रदेव महतो भी उपस्थित रहे। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तरीय वरीय पदाधिकारीगण तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में अनुकंपा आधारित नियुक्तियाँ, पेंशन संबंधी प्रकरण एवं जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सभापति रामचंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने एवं सभी विभागों से अद्यतन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, भवन निर्माण, कल्याण, शिक्षा, शहरी एवं ग्रामीण विकास, विशेष प्रमंडल, पथ निर्माण, सहकारिता, कृषि, निबंधन तथा जिला योजना सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त, पंजीकृत श्रमिकों की संख्या, कार्यस्थल पर मृत्यु, सामान्य मृत्यु तथा प्रवासी श्रमिकों को उपलब्ध सरकारी सहायता की जानकारी भी ली गई। सभापति ने निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
सभापति रामचंद्र सिंह ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिला औद्योगिक दृष्टिकोण से एक सक्षम जिला है, अतः स्थानीय युवाओं को कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि राज्य के युवाओं को अन्य जिलों अथवा राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़े।
बैठक में उप विकास आयुक्त, आशीष अग्रवाल, निदेशक, डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला एवं चांडिल, सिविल सर्जन,श्रम अधीक्षक,जिला खनन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी
तथा अन्य विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहें।
