उपायुक्त ने किया मतकमडीह वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण, उत्पादों की मार्केटिंग सुनिश्चित करने हेतु दिए आवश्यक निर्देश,
Chandil सरायकेला खरसावां जिला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा चांडिल प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन मतकमडीह स्थित वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्र में कार्यरत पीवीटीजी (पीवीटीजीएस) महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली एवं उनके द्वारा निर्मित उत्पादों के निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता और विपणन व्यवस्था का जायजा लिया।
उपायुक्त ने उत्पादन की लागत, बिक्री मूल्य एवं लाभ की जानकारी लेते हुए उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल को चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ समन्वय स्थापित करते हुए केंद्र में तैयार किए जा रहे उत्पादों के लिए उचित मूल्य निर्धारण एवं बाज़ार उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पीवीटीजीएस महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके कार्य अनुभव, प्रशिक्षण एवं उत्पाद निर्माण में आने वाली चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके योगदान की सराहना की।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त द्वारा डाकिया योजना के तहत जून एवं जुलाई माह का अनाज वितरण भी किया गया। उन्होंने लाभुकों से बातचीत कर योजना की प्रभावशीलता की जानकारी ली एवं सुधार हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास तथा बीपीएम (जेएसएलपीएस) भी उपस्थित रहे।
