गम्हरिया आकांक्षी प्रखंड ने केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में प्रभावशाली सुधार कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने हासिल किया प्रतिष्ठित पुरस्कार
seraikella kharsawan सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए केंद्र सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (Aspirational Block Programme) के अंतर्गत एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया है। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सरायकेला-खरसवाँ के उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने हासिल किया। यह पुरस्कार गम्हरिया प्रखंड को उन पहलों के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया है, जिनका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, बुनियादी ढांचा और कौशल विकास जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सुधार लाना था। गम्हरिया प्रखंड ने सीमित संसाधनों और कई सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कई प्रभावी योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया। इस प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। वहीं स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और बच्चों में कुपोषण की दर में कमी जैसे सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। प्रखंड प्रशासन द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, कृषि को तकनीकी सहायता और महिलाओं के लिए आजीविका संबंधी प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी गई, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सके। सरकारी आंकड़ों और स्वतंत्र मूल्यांकन रिपोर्टों के अनुसार, गम्हरिया ने आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत निर्धारित मुख्य संकेतकों (Key Performance Indicators) पर लगातार सुधार किया है, जिसके परिणामस्वरूप यह प्रखंड देशभर के चयनित प्रखंडों में अग्रणी स्थान पर पहुंचा। इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन और स्थानीय नेतृत्व ने खुशी जाहिर की है। उपायुक्त ने कहा कि यह पुरस्कार न केवल अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि गम्हरिया की जनता की जागरूकता और भागीदारी का प्रमाण भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान अन्य प्रखंडों को भी करेगा। यह सम्मान गम्हरिया के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रहा है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
