पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, खून से सना चाकू और ईंट बरामद
सिनी ओपी क्षेत्र के धातकीडीह गांव का मामला, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा
मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर दर्ज हुआ था मामला, हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला थाना (सिनी ओपी) क्षेत्र के धातकीडीह गांव में पिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने बेटे अर्जुन नायक उर्फ पाण्डेय जी (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, खून लगी ईंट और खून लगा कपड़ा बरामद किया है। इस मामले में सरायकेला थाना कांड संख्या 107/2026, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धातकीडीह निवासी पार्वती नायक (48) ने अपने पुत्र अर्जुन नायक के विरुद्ध पति अशोक नायक (58) की हत्या करने का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में संलिप्त बताए गए आरोपी अर्जुन नायक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महलीसाई, निवाला टोला, धातकीडीह गांव का निवासी बताया गया है।
हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही कथित तौर पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू और ईंट के अलावा खून लगा कपड़ा भी जब्त किया है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
छापामारी दल में सिनी ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुगना हांसदा और सिनी ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
