खरसावां के सांडेबुरू में ‘एक शाम सांडेबुरू के नाम’ कार्यक्रम, शिक्षा, विज्ञान, बचत और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने मोहा मन,
प्रतिभागी पुरस्कृत,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के सांडेबुरू गांव में आयोजित ‘एक शाम सांडेबुरू के नाम’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा, विज्ञान, बचत और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बरखा महतो और नेहा महतो ने दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया। दिव्या महतो और अंकित महतो ने ‘शिक्षित गांव’ विषय पर विचार रखे। बरखा महतो के समूह ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। निखिलेश महतो और प्रभु महतो ने विज्ञान प्रयोगों का प्रदर्शन किया। नेहा महतो ने बचत के महत्व, जबकि बरखा महतो ने शिक्षा पर भाषण दिया। ओम महतो ने कविता पाठ किया। तेजस महतो और अन्नपूर्णा महतो ने भी विचार रखे। नेहा महतो की टीम के समूह नृत्य और बिट्टू महतो की प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
महतो क्लिनिक, सांडेबुरू के संचालक एवं चिकित्सक डॉ. जगदीश प्रसाद महतो ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए। सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार महतो ने इसे ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की सार्थक पहल बताया। शिक्षाविद् अशोक महतो ने शिक्षा को अनमोल रत्न बताते हुए इसके महत्व पर जोर दिया।महालिमोरूप क्षेत्र के युवा सामाजिक कार्यकर्ता हेमसागर प्रधान ने कहा कि ग्रामीण बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। आयोजक परमेश्वर महतो ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
मंच संचालन अशोक महतो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन परमेश्वर महतो ने किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित थे।
