बंदगांव के कोमडेला में निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज का विधायक जगत माझी ने किया निरीक्षण, -बंदगांव-गुदड़ी के विद्यार्थियों को मिलेगा उच्च शिक्षा का अवसर, 2027 के अंत तक भवन तैयार करने का लक्ष्य
Bandgaon
: मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बंदगांव प्रखंड के सिंदुरिबेड़ा पंचायत के कोमडेला गांव में निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज का रविवार को विधायक जगत माझी ने निरीक्षण किया। विधायक के पहुंचने पर निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों ने उन्हें कॉलेज भवन के निर्माण की प्रगति और अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पूरे कॉलेज परिसर का भ्रमण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भवन निर्माण के साथ-साथ खेल मैदान, पेयजल, परिसर की अन्य बुनियादी सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

विधायक ने निर्माण कार्य में लगे ठेका कंपनी के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य को पूरा किया जाए। विधायक जगत माझी ने कहा कि बंदगांव और गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सिंदुरिबेड़ा पंचायत के कोमडेला गांव में डिग्री कॉलेज निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई है। कॉलेज के शुरू होने के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विकास क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। डिग्री कॉलेज के निर्माण से विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। कॉलेज के संचालन से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों से कार्य पूरा होने की समयसीमा के बारे में भी जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार जारी है और वर्ष 2027 के अंत तक डिग्री कॉलेज का भवन तैयार कर लिया जाएगा। विधायक ने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज भवन का निर्माण केवल एक भवन तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारी भी मौजूद रहे।
