रक्तदान को जनअभियान बनाने की तैयारी, पुलिस-औद्योगिक संस्थानों में लगेगा नियमित शिविर
उपायुक्त ने रोस्टर तैयार कर नियमित रक्त संग्रहण के दिए निर्देश, विद्यालय-कॉलेजों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
Seraikella
सरायकेला। जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने और स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में स्वैच्छिक रक्तदान एवं रक्त संग्रहण को सुदृढ़ करने को लेकर बैठक हुई। बैठक में रक्त की वर्तमान उपलब्धता और संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने पुलिस बल, सशस्त्र बल, होमगार्ड, औद्योगिक संस्थानों और शैक्षणिक संस्थानों को रक्तदान अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी समय पड़ सकती है, इसलिए रक्त संग्रहण को केवल विशेष अवसरों तक सीमित रखने के बजाय नियमित प्रक्रिया बनाया जाना जरूरी है।
पुलिस व होमगार्ड जवान भी करेंगे रक्तदान
उपायुक्त ने पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय को निर्देश दिया कि पुलिस बल, सशस्त्र बल एवं होमगार्ड के जवानों के लिए निर्धारित अंतराल पर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित कराए जाएं। शिविरों में अधिकाधिक जवानों की सहभागिता सुनिश्चित करने और उन्हें स्वैच्छिक व सुरक्षित रक्तदान के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
उद्योगों के लिए बनेगा संस्थानवार रोस्टर
जिले के औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर संस्थानवार रोस्टर तैयार किया जाएगा। रोस्टर के अनुसार नियमित अंतराल पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा विद्यालय एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व और इसके मानवीय पक्ष की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा, ताकि वे अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित कर सकें।
बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर पर भी नियमित रक्तदान शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। आयोजित शिविरों और रक्त संग्रहण का समुचित अभिलेख रखने तथा इसकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद राय, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
स्वस्थ नागरिकों से रक्तदान की अपील
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक एवं शैक्षणिक संस्थानों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होते हैं। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़कर मानवीय सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
