SIR-2026 को लेकर आयुक्त की दो टूक, निष्पक्षता और पारदर्शिता से नहीं होगा समझौता
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक, दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश; सरायकेला प्रखंड कार्यालय में हियरिंग का भी लिया जायजा
Seraikella
सरायकेला। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर मंगलवार को सरायकेला-खरसावां समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त सह रोल ऑब्जर्वर रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में SIR की प्रगति, निर्वाचक सत्यापन, दावा-आपत्ति तथा हियरिंग की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने SIR-2026 की अब तक की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन पांच अगस्त को किया जा चुका है। दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 15 सितंबर तक चलेगी, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 19 अक्टूबर को निर्धारित है। बैठक में घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्र, ASDDF सूची के सत्यापन तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निष्पादन की स्थिति की भी जानकारी दी गई।

राजनीतिक दलों ने रखीं शंकाएं और सुझाव
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR को लेकर अपनी शंकाएं और सुझाव आयुक्त के समक्ष रखे। संबंधित अधिकारियों ने बिंदुवार जानकारी देकर शंकाओं का समाधान किया। आयुक्त ने राजनीतिक दलों से दावा-आपत्ति प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा कि SIR की सफलता में BLO और BLA-2 की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक दावा और आपत्ति का नियमों के तहत सत्यापन कर समय पर निष्पादन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

योग्य मतदाता न छूटे, अयोग्य का नाम न जुड़े : चम्पाई
सरायकेला विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने शहरी क्षेत्रों में निर्वाचक सत्यापन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं होना चाहिए और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हो। उन्होंने निर्धारित नियमों के तहत पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
हियरिंग और जनसुनवाई का भी किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने सरायकेला प्रखंड कार्यालय पहुंचकर SIR के तहत चल रहे हियरिंग एवं जनसुनवाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने दावा-आपत्ति करने वाले मतदाताओं की बात सुनी तथा संबंधित अधिकारियों और बीएलओ से मामलों के सत्यापन एवं अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए। मतदाताओं को प्रक्रिया की सही जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि SIR से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि हर योग्य मतदाता का नाम निर्वाचक सूची में रहे और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
