शारदा एफसी चक्रधरपुर बनी जिला महिला फुटबॉल लीग-2026 की चैंपियन, रॉयल एफसी सिंहभूम को 3-0 से हराया, खरसावां फुटबॉल अकादमी रही उपविजेता
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में पहली बार आयोजित जिला महिला फुटबॉल लीग-2026 का समापन सोमवार को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में हुआ। लीग के अंतिम दिन खेले गए मुकाबलों में शारदा एफसी चक्रधरपुर ने रॉयल एफसी सिंहभूम को 3-0 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, खरसावां फुटबॉल अकादमी की टीम एक जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ उपविजेता रही।

दिन का पहला मुकाबला खरसावां फुटबॉल अकादमी और अशोका एफसी के बीच खेला गया, जो रोमांचक संघर्ष के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। खरसावां की टीम को कई अच्छे मौके मिले, लेकिन खिलाड़ी उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकीं।
दूसरे मुकाबले में शारदा एफसी चक्रधरपुर और रॉयल एफसी सिंहभूम आमने-सामने हुईं। मैच की शुरुआत से ही शारदा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 16वें मिनट में प्रीतिका तीयू ने डी एरिया के दाहिने छोर से मिले शानदार पास को खूबसूरती से गोल में तब्दील कर शारदा को 1-0 की बढ़त दिलाई।

दूसरे हाफ में भी शारदा एफसी ने अपना दबदबा बनाए रखा। अभिशा और रविवारी ने लगातार गोल कर टीम की बढ़त को 3-0 कर दिया। इसके बाद रॉयल एफसी सिंहभूम की टीम वापसी नहीं कर सकी और शारदा एफसी ने शानदार जीत के साथ लीग का खिताब अपने नाम कर लिया।
पहली बार आयोजित जिला महिला फुटबॉल लीग में कुल चार टीमों ने हिस्सा लिया। इनके बीच कुल छह मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले में महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने और स्थानीय महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
अंतिम दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में रेफरी की भूमिका विकास गोप, दीकू हेंब्रम, तपन नायक और संजय सुंडी ने निभाई।
