खरसावां में पहली बार शुरू हुआ जिला महिला फुटबॉल लीग, शारदा और खरसावां महिला अकादमी ने दर्ज की जीत
Kharsawan
खरसावां में पहली बार जिला महिला फुटबॉल लीग का आयोजन शुरू हुआ है। सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला महिला फुटबॉल लीग 2026 के तहत रविवार को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में दो मुकाबले खेले गए। महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस लीग को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पहले मुकाबले में शारदा फुटबॉल क्लब चक्रधरपुर ने अशोका एफसी को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ शारदा एफसी ने प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मैच के पहले हाफ के 9वें मिनट में शारदा की खिलाड़ी आश्रिता ने डी एरिया में मिले गेंद को शानदार तरीके से गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका। अंततः शारदा एफसी ने 1-0 से जीत हासिल की।
वहीं, दिन के दूसरे मुकाबले में खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी ने रॉयल एफसी सिंहभूम को 1-0 से हराकर लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की। खरसावां की ओर से सोमबारी सिंकू ने मैच का एकमात्र गोल किया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खरसावां की टीम ने अंतिम समय तक अपनी बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
31 अगस्त को भी होंगे दो मुकाबले
जिला महिला फुटबॉल लीग के तहत 31 अगस्त को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी और अशोका एफसी के बीच दोपहर 2 बजे होगा। वहीं, दूसरा मैच शारदा फुटबॉल क्लब चक्रधरपुर और रॉयल क्लब सिंहभूम के बीच शाम 3:30 बजे से खेला जाएगा।
