राष्ट्रीय खेल दिवस पर खरसावां में फुटबॉल व दुगनी में तीरंदाजी प्रतियोगिता, खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है-डीएसओ
kharsawan
खरसावां। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से आर्चरी अकादमी दुगनी में तीरंदाजी प्रतियोगिता तथा अर्जुना स्टेडियम खरसावां में ध्यानचंद कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने हॉकी के जादूगर के रूप में भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया।

उनकी जन्मतिथि को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनके खेल योगदान को याद करते हुए आज विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अर्जुना स्टेडियम खरसावां में आयोजित महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के मुकाबले में शारदा फुटबॉल क्लब चक्रधरपुर ने खरसावां फुटबॉल अकादमी को 2-1 से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में शारदा फुटबॉल क्लब चक्रधरपुर ने अशोका फुटबॉल क्लब को 1-0 से हराया। पुरुष वर्ग में आरएफटीसी खरसावां और एसएफसी चक्रधरपुर के बीच मुकाबला खेला गया।

कार्यक्रम के दौरान लोक कला मंच खरसावां के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित ध्यानचंद कप फुटबॉल एवं तीरंदाजी प्रतियोगिता में जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, खूंटपानी प्रमुख सिद्धार्थ होन हागा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिंकी कुजूर, डीएसए के पिनाकी रंजन, बलराम महतो, संजय सुंडी, बीएस राव, रजनी पात्रों, हिमांशु मोहंती समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
