खरसावां में शिशु मंदिर की बहनों ने पुलिस जवानों की
कलाई पर स्नेह और सम्मान के प्रतीक स्वरूप में बांधी राखी
Kharsawan
खरसावां शिशु मंदिर की बहनों ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर खरसावां थाना परिसर में विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने थाना में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर स्नेह और सम्मान के प्रतीक स्वरूप राखी बांधी तथा मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को अपना भाई मानते हुए उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि पुलिस के जवान दिन-रात समाज की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त करना ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

इस अवसर पर खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राखी बांधने के दौरान थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। शिशु मंदिर की बहनों द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच आपसी प्रेम, सम्मान, भाईचारे एवं सौहार्द को मजबूत करने का संदेश देने वाला रहा। कार्यक्रम में राखी आचार्या, रूबी मोदक, आकृति कैवर्त, आरोही मंडल, मीरा पुष्टि, वैष्णवी दास, अर्चना महतो एवं सूमी मुंडा सहित अन्य छात्राएं मौजूद रहीं।
