आदित्यपुर में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, कचरे के अंबार से लोग बेहाल; वार्ड 29 के पार्षद ने कहा – कचरा नियमित नहीं उठने पर होगा उग्र आंदोलन
बोले – चुनाव जीतने के बाद से ही नहीं हो रहा नियमित कचरा उठाव, एजेंसी कर रही मनमानी; सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम का घेराव करेंगे
Seraikella
आदित्त्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन ठप होने से शहर के अधिकांश वार्डों में हालात नारकीय हो गए हैं। नियमित कचरा नहीं उठने से नाराज 11 से अधिक वार्ड पार्षदों का सब्र आखिरकार शनिवार को टूट गया।
वार्ड 29 की पार्षद अर्चना सिंह के नेतृत्व में पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल सरायकेला-खरसावां समाहरणालय पहुंचा और उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पार्षदों ने कहा है कि जब से वे चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं, तब से ही उनके वार्डों में कचरा उठाव नियमित रूप से नहीं हो रहा है। नगर निगम द्वारा जिस एजेंसी को कचरा उठाव का जिम्मा दिया गया है, वह पूरी तरह मनमाने तरीके से काम कर रही है। कई वार्डों में तो सप्ताह-सप्ताह भर तक कचरा गाड़ी नहीं पहुंच रही है।

मोहल्लों में लगा है कचरे का अंबार, बीमारी का खतरा
पार्षदों ने बताया कि कचरा नहीं उठने के कारण आज कई मोहल्लों, गलियों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह कचरा सड़ रहा है, जिससे भयंकर बदबू फैल रही है और लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
बरसात के मौसम में सड़ते कचरे से मच्छरों का प्रकोप बेतहाशा बढ़ गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। आम जनता लगातार पार्षदों से शिकायत कर रही है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।
कई बार शिकायत, सिर्फ मिला आश्वासन
पार्षदों ने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर कई बार नगर निगम के नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों से मौखिक और लिखित शिकायत की गई है। हर बार अधिकारियों द्वारा सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं होता। मजबूरन उन्हें उपायुक्त के पास जाना पड़ा।
उपायुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी पूरी समस्या गंभीरता से उपायुक्त के समक्ष रखी। मामले को सुनने के बाद उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। जल्द से जल्द इस समस्या का निदान किया जाएगा और नगर निगम को नियमित कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया जाएगा।
नहीं सुधरे हालात तो होगा उग्र आंदोलन
पार्षदों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इसके बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। वार्ड की जनता के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय का घेराव और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य रूप से वार्ड 29 की अर्चना सिंह, वार्ड 27 की रिंकी देवी, वार्ड 25 की उत्तरा प्रधान, वार्ड 26 की वेदना गोप, वार्ड 34 की रीता देवी, वार्ड 11 की मंजू देवी, वार्ड 5 की विनीता कुमारी, वार्ड 14 की सुनीता देवी, वार्ड 24 की राम मुखी देवी, वार्ड 12 के मोती बिश्नोई, वार्ड 01 के बनमली दास, वार्ड 04 के शुभम पांडेय सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।
