सदर अस्पताल से चोरी बाइक के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, दो स्प्लेंडर बरामद
Seraikella
सरायकेला, 20 अगस्त। सरायकेला सदर अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल समेत दो स्प्लेंडर बाइक बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को कांड के वादी अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH05CZ-2871 से इलाज के लिए पत्नी के साथ सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर में खड़ी की थी। इलाज के बाद बाहर आने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। अज्ञात चोर द्वारा बाइक चोरी किए जाने को लेकर वादी के लिखित आवेदन के आधार पर सरायकेला थाना कांड संख्या 63/26, दिनांक 01 अगस्त 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरज नाथ (24 वर्ष), पिता सिद्धेश्वर योगी, निवासी लदईपुर, थाना राजनगर तथा अभिषेक महतो (26 वर्ष), पिता हरिपद महतो, निवासी दुगनी, जोराडीहा, नजदीक पुराना एफसीआई गोदाम, थाना सरायकेला के रूप में हुई है। दोनों सरायकेला-खरसावां जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें एक मोटरसाइकिल का चेचिस नंबर MBLHAW126MHG79933 तथा दूसरी का चेचिस नंबर MBLHAW123MHK54117 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इनमें एक मोटरसाइकिल इसी कांड में चोरी की गई थी, जबकि दूसरी भी चोरी की गई मोटरसाइकिल है।
छापामारी दल में सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस पदाधिकारी अरुण कुमार महतो, विनोद टुडू समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी पुलिस आगे जांच कर रही है
