जिला फुटबॉल सुपर लीग में हाथीटांड़ की शानदार जीत, मातकमडीह को 3-0 से हराकर अर्जुना कप की दौड़ में मजबूत की दावेदारी,
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) की ओर से आयोजित जिला फुटबॉल सुपर लीग अर्जुना कप 2026 के तहत बुधवार को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में रोमांचक मुकाबला खेला गया। इसमें बीपीएस हाथीटांड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएफए मातकमडीह को 3-0 से पराजित किया।

इस जीत के साथ हाथीटांड़ ने प्रतियोगिता में चैंपियन बनने की दिशा में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसी दौरान डी एरिया में मिले एक बेहतरीन पास को नयन हांसदा ने खूबसूरती से गोल में तब्दील कर हाथीटांड़ को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ के अंत तक यही स्कोर बना रहा। दूसरे हाफ में हाथीटांड़ के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा। टीम की ओर से सनातन किस्कू और दुर्गा मार्डी ने एक-एक गोल कर बढ़त को 3-0 कर दिया। इसके बाद मातकमडीह ने वापसी के लिए कई प्रयास किए और टीम को गोल करने के कुछ अच्छे मौके भी मिले, लेकिन खिलाड़ी उन्हें गोल में बदलने में सफल नहीं हो सके। मैच का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि सह डीएसए उपाध्यक्ष छोटेराय किस्कू, डीएसए सचिव मोहम्मद दिलदार एवं पिनाकी रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी अर्जुना स्टेडियम में मौजूद रहे।
