कारो नदी पर निर्माणाधीन पुल का विधायक ने किया निरीक्षण, अक्टूबर में होगा उद्घाटन
Sonuva
सोनुवा: गुरुवार को गुदड़ी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने बिरकेल पंचायत अंतर्गत कारो नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया। बारिश के बीच विधायक ने निर्माण स्थल का जायजा लेते हुए कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। लक्ष्य के अनुसार अक्टूबर 2026 में पुल का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा।

कारो नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती थी। पुल निर्माण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सिंहभूम सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने पुल निर्माण की दिशा में पहल करते हुए इसकी स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुल का निर्माण पूरा होने के बाद बिरकेल, बांदु, पिंडिंग समेत दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। खासकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा।
