महत्व ढाबा के पास खड़े ट्रक में हाईवा ने मारी टक्कर, चालक गंभीर
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर महत्व ढाबा के समीप बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे सड़क हादसे में हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक सड़क से अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा।

हादसे में हाईवा चालक वाहन के अंदर फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दुर्घटना के कारण सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटनास्थल पर पुलिस के साथ बड़ी संख्या में आम लोगों की भीड़ जुटी हुई है। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।
