खरसावां में एसआईआर पर बीएलओ व सुपरवाइजरों
की समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और
संशोधन के लिए फॉर्म-6 व फॉर्म-8 भरने की दी जानकारी
kharsawan
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत मंगलवार को खरसावां प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू ने की। बैठक में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन तथा मतदान केंद्र से संबंधित बदलाव के लिए चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करें।

विशेष रूप से फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। सीओ ने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरण में आवश्यक संशोधन, स्थानांतरण सहित संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन किया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान नागरिकों को आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा ऑनलाइन आवेदन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बीएलओ को कहा गया कि वे मतदान केंद्र स्तर पर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य सुनिश्चित करें। बैठक में कहा गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए महत्वपूर्ण है। जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं जिन मतदाताओं के नाम या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष अभियान का लाभ उठाएं तथा अपने और अपने परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करें। साथ ही, मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर आवेदन कर संशोधन कराएं। इस बैठक में सीओ कप्तान सिंकू, सहित बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे।
