खरसावां के सोना सिंचाई योजना की जर्जर छह वितरणियों
का होगा जीर्णोद्धार, सरकार ने शुरू की कार्रवाई, नहरों में गाद
और झाडियों के कारण खेतों तक नहीं पहुंच रहा पर्याप्त पानी
Kharsawan
खरसावां विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने सोना सिंचाई योजना की जर्जर छह वितरणियों के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। खरसावां विधायक दशरथ गागराई द्वारा विधानसभा में उठाए गए तारांकित प्रश्न के जवाब में जल संसाधन विभाग ने बताया कि संबंधित कार्य की स्वीकृति प्रदान करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। विधायक ने सरकार से पूछा था कि सरायकेला-खरसावां जिले में सोना सिंचाई योजना के अंतर्गत खरसावां शाखा नहर से निकलने वाली छह वितरणियों के जीर्णोद्धार की आवश्यकता है या नहीं। इसके जवाब में विभाग ने इसे स्वीकार किया है।

विधायक ने अपने सवाल में यह भी बताया कि सोना सिंचाई योजना के मुख्य नहर से निकलने वाली चार अन्य वितरणियां भी जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं। इन वितरणियों में कई स्थानों पर गाद जमा होने तथा जगह-जगह झाडियां उग आने के कारण जल प्रवाह प्रभावित हो रहा है। नहरों की स्थिति खराब होने के चलते सिंचाई का पानी किसानों के खेतों तक पर्याप्त दूरी तक नहीं पहुंच पा रहा है।
चाईबासा प्रमंडल ने तैयार किया प्राक्कलन
विधानसभा में पूछे गए सवाल के अनुसार, संबंधित वितरणियों के जीर्णोद्धार के लिए कार्यपालक अभियंता, जल पथ प्रमंडल, चाईबासा द्वारा प्राक्कलन तैयार कर समर्पित किया जा चुका है। विधायक ने सरकार से इस महत्वाकांक्षी सिंचाई योजना की वितरणियों के ईआरएम कार्य को स्वीकृति देने की समयसीमा को लेकर भी सवाल किया। जल संसाधन विभाग ने जवाब में कहा कि प्रश्नगत कार्य की स्वीकृति प्रदान करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
सोना सिंचाई योजना की वितरणियों के जीर्णोद्धार से नहरों में जल प्रवाह बेहतर होने की उम्मीद है। इससे खरसावां क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सकेगा और कृषि कार्यों में पानी की समस्या कम होगी। विधायक द्वारा उठाए गए इस मुद्दे को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
