जिला फुटबॉल सुपर लीग में खामारडीह की शानदार शुरुआत, सुमित एफसी सीनी को 6-0 से रौंदा, एकतरफा मुकाबले में दर्ज की धमाकेदार जीत,
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल सुपर लीग अर्जुना-कप 2026 में यूथ क्लब खामारडीह ने शानदार आगाज किया। अर्जुना स्टेडियम खरसावां में खेले गए मुकाबले में खामारडीह ने सुमित एफसी सीनी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। मुकाबले की शुरुआत से ही खामारडीह के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने बेहतरीन तालमेल और तेज आक्रमण के दम पर लगातार सुमित एफसी सीनी के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में ही खामारडीह ने 4-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में भी खामारडीह के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। टीम ने दो और गोल दागकर अपनी बढ़त को 6-0 कर दिया। सुमित एफसी सीनी के खिलाड़ी पूरे मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं बना सके। अंततः खामारडीह ने छह गोल के अंतर से शानदार जीत दर्ज कर सुपर लीग में अपने अि की मजबूत शुरुआत की।
11 अगस्त को मातकमडीह और प्रधानगोडा आमने-सामने
जिला फुटबॉल सुपर लीग अर्जुना-कप के तहत 11 अगस्त को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में अगला मुकाबला खेला जाएगा। इसमें एसएफए मातकमडीह का सामना एसएमसी प्रधानगोडा से होगा। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
