कुचाई के सिकरम्बा जंगल में माओवादी ठिकाने पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, छह हथियार व 309 जिंदा गोलियां बरामद, एसएसबी, कोबरा और जिला पुलिस के संयुक्त अभियान में मिली सफलता, आईईडी व डेटोनेटर भी बरामद, पुलिस के अनुसार माओवादी संगठन से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश के दौरान हुई कार्रवाई
Kuchai
सरायकेला-खरसावां। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल में माओवादी ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हथियार, गोलियां और विस्फोटक बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में छह हथियार, विभिन्न हथियारों की मैगजीन, 309 जिंदा कारतूस, एक आईईडी और डेटोनेटर शामिल हैं। बरामद आईईडी को बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सरायकेला-खरसावां की ओर से 10 अगस्त को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुचाई थाना कांड संख्या 18/2026 समेत अन्य मामलों में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार व गोली बरामदगी के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। पुलिस को मिली सूचना और पूछताछ के आधार पर सिकरम्बा जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जंगल में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और गोलियां बरामद की गईं। बरामद हथियारों में दो .303 राइफल, एक 5.56 एमएम इंसास राइफल, एक 7.62 एमएम एसएलआर राइफल तथा दो देसी पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा .303 राइफल की तीन मैगजीन व आठ चार्जर, इंसास की चार मैगजीन, एसएलआर की तीन मैगजीन और 9 एमएम देसी पिस्टल की दो मैगजीन भी बरामद हुई हैं।
सुरक्षा बलों को 7.62 एमएम के 171, 5.56 एमएम के 126 तथा 9 एमएम के 12 जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके साथ एक आईईडी और डेटोनेटर भी बरामद हुआ, जिसे बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देशन में की गई। अभियान में सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, चांडिल के एसडीपीओ विशाल पाल, 26वीं वाहिनी एसएसबी रांची के अधिकारी एवं जवान, कोबरा 209 की टीम तथा जिले के विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ जंगल क्षेत्र में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटकों को बरामद करना है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सर्च अभियान को और तेज कर दिया गया है।
