तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को मारी टक्कर, गंभीर रूप से जख्मी, खरसावां के बेहरासाई मे हादसा, सदर अस्पताल से एमजीएम जमशेदपुर रेफर,
kharsawan
खरसावां शहरी क्षेत्र के बेहरासाई में रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची खरसावां पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सरायकेला रेफर कर दिया गया। सरायकेला में चिकित्सकों ने भी बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे खरसावां के तलसाई निवासी मानस विषेई की पत्नी रश्मि विषेई स्कूटी संख्या जेएच-22डी-0249 से खरसावां चांदनी चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बेहरासाईं स्थित पथ निरीक्षण भवन के समीप राउरकेला से जमशेदपुर की ओर जा रहे टाटा 407 ट्रक संख्या यूपी-77 एटी-2317 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रश्मि विषेई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में उनका दायां पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला रेफर किया। वहां से भी चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया।
गलत रास्ते में पहुंचा ट्रक
बताया जा रहा है कि ट्रक राउरकेला से जमशेदपुर जा रहा था, लेकिन चालक कथित तौर पर रास्ता भटकने के कारण ट्रक लेकर खरसावां शहरी क्षेत्र की ओर चला आया। इसी दौरान बेहरासाईं के पास हादसा हो गया।
घटना के बाद खरसावां पुलिस ने ट्रक और चालक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
