सरायकेला में झारखंड आदिवासी महोत्सव का भव्य शुभारंभ
पारंपरिक नृत्य-संगीत से सजी सांस्कृतिक संध्या, आदिवासी विरासत को संजोने का संदेश
Seraikella
सरायकेला। जिला प्रशासन के तत्वावधान में रविवार को सरायकेला नगर स्थित टाउन हॉल में झारखंड आदिवासी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उपायुक्त नितेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, आईटीडीए निदेशक उषा मुंडू, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि राज बागची समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड आंदोलनकारियों को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं सम्मान देने के साथ हुई। इसके बाद महोत्सव के तहत आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोक कला की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर टाउन हॉल के माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
नई पीढ़ी तक पहुंचेगी सांस्कृतिक विरासत
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, लोक कला और विरासत का संरक्षण करना तथा इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। आयोजन के माध्यम से लोगों को राज्य की सांस्कृतिक विविधता और आदिवासी जीवन-पद्धति से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
