ब्राउन शुगर की तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58 पुड़िया के साथ चार गिरफ्तार, दो बाइक जब्त, कुल 6.63 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद गश्ती दल को देखकर भागने लगे थे संदिग्ध, तलाशी में खुला नशे के कारोबार का राज
Kapali
सरायकेला खरसावां जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर, कुल 6.63 ग्राम वजन बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान नशे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त की शाम वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर विधि-व्यवस्था एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत श्रीराम चौक ब्रह्मानंद, तामुलिया और कपाली ओपी क्षेत्र में गश्ती की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस दल ने संदिग्ध परिस्थितियों में दो मोटरसाइकिलों पर पांच लोगों को सड़क किनारे झाड़ी में खड़ा देखा। पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख सभी भागने लगे।

गश्ती दल ने पीछा कर चार लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 58 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल और बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर लिया।
चारों आरोपियों के पास से मिली पुड़िया
पुलिस के मुताबिक, आकाश महतो के जींस के दाहिने पॉकेट से 19 पुड़िया, वजन 2.31 ग्राम; शिबू गोड़ाई के पास से 15 पुड़िया, वजन 1.68 ग्राम; सुमित कुमार यादव के पास से 13 पुड़िया, वजन 1.43 ग्राम तथा राहुल यादव के पास से 11 पुड़िया, वजन 1.21 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि सभी बरामद पदार्थों को प्लास्टिक के डिब्बे में सीलबंद कर जब्त किया गया है। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आकाश महतो के खिलाफ नीमडीह थाना कांड संख्या 47/2025, दिनांक 16 अगस्त 2025, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज है। वहीं शिबू गोड़ाई के खिलाफ गोलमुरी थाना कांड संख्या 166/2024, दिनांक 11 दिसंबर 2024, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई में एसआई अविनाश कुमार, एसआई हसनैन अंसारी, एसआई हीरालाल मुंडू, एएसआई धर्मेंद्र कुमार समेत कपाली ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
