कुचाई में ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल का दो दिवसीय
प्रशिक्षण संपन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
Kuchai
कुचाई प्रखंड सभागार में ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में प्रखंड के गोमियाडीह, बारूहातु, तिलोपदा, पोन्डाकाटा, छोटासेगोई, अरूवां, बंदोलोहर, मरांगहातु, रूगुडीह और रोलाहातु पंचायतों के सहजकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सहभागी बनाना मुख्य उद्देश्य है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार की जा सकें।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों की कार्यक्षमता बढाने तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कर ही प्रखंड का समग्र विकास संभव है। पंचायतों में विकास कार्यों को निर्धारित थीम के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर आगे बढाने तथा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों से प्रेरणा लेकर अपने पंचायत और प्रखंड को विकास की नई पहचान दिलाने का आह्वान किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्याम मुर्मू एवं प्रखंड समन्वयक पंकज कुभंकार ने प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना के महत्व, ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल एवं ग्राम पंचायत समन्वय समिति की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पंचायत उन्नति सूचकांक, स्थानीय सतत विकास लक्ष्य (एलएसडीजी), विभागीय आंकडों, मोबाइल सर्वे तथा ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों के मुखिया मंगल सिंह मुंडा, करम सिंह मुंडा, राम सोय, लुदरी हेम्ब्रम, अनुराधा उरांव, रेखामुनी उरांव, सरस्वती मिंज सहित पंचायत सचिव, जलसहिया, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
