सावन में खरसावां से 50 कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना, दिवंगत साथी जितेंद्र घोड़ाई को दी श्रद्धांजलि
Kharsawan
सावन माह के पावन अवसर पर बोल बम कांवरिया संघ खरसावां के 50 कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले कांवरियों ने अपने दिवंगत साथी एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी रहे जितेंद्र घोड़ाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इस अवसर पर संघ के सदस्यो ने कहा कि जितेंद्र घोड़ाई हर वर्ष बाबा धाम की यात्रा में साथ रहते थे। इस बार उनका साथ नहीं होना सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने भगवान शिव से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। कांवरिया संघ के सदस्यों ने कहा कि अपने दिवंगत साथी जितेंद्र घोड़ाई की स्मृतियां सदैव उनके साथ रहेंगी और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। श्रद्धालुओं ने अंत में उनकी आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना करते हुए “ॐ शान्तिः” का उच्चारण किया। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व सभी कांवरियों ने खरसावां के रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रामेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान शिव से यात्रा की सफलता, क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि, अच्छी वर्षा, बेहतर फसल और जनकल्याण की कामना की गई। मंदिर परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। संघ के द्वारा बताया गया कि सभी कांवरिया पहले सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरेंगे। इसके बाद लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
