खरसावां विधायक के निर्देश पर कुचाई की जर्जर सड़क
की मरम्मत शुरू, विद्यार्थियों व राहगीरों को मिलेगी राहत,
kuchai
कुचाई चौक से प्रखंड कार्यालय कुचाई एवं कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तक जाने वाली जर्जर सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए खरसावां विधायक दशरथ गागराई के निर्देश पर गुरुवार को सड़क का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद विधायक के निजी खर्च से सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया। निरीक्षण में प्रखंड विकास पदाधिकारी साधुचरण देवगम, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, झामुमो प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, वसी खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क की बदहाल स्थिति का जायजा लिया तथा तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया।

बताया गया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण आम लोगों के साथ-साथ कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए विधायक ने अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया, ताकि विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों को राहत मिल सके। जानकारी के अनुसार, निविदा प्रक्रिया के तहत पैकेज संख्या-12 में कुचाई ब्लॉक चौक से सेरेंगदा तक सड़क निर्माण कार्य शामिल है। हालांकि स्थायी निर्माण कार्य शुरू होने में समय लगने के कारण फिलहाल आवागमन सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। वही विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र की जनता एवं छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान बीडीओ साधुचरण देवगम, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, झामुमो प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, वसी खान, वनवासी लाल सोय, वैद्यनाथ महतो, नरेश मुंडा सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।
