सरायकेला पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद
Seraikella
सरायकेला: सरायकेला थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की एक पंजीकृत हीरो स्प्लेंडर बाइक समेत कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंसारी उर्फ तेजा, करण बास्के और कृष्णा नाथ उर्फ दुखु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
यह मामला सरायकेला थाना कांड संख्या-61/2026 से जुड़ा है। 27 जुलाई को लाल चांद सरदार की लिखित शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में 17 जुलाई की रात घर के सामने से उनकी हीरो स्प्लेंडर (रजिस्ट्रेशन संख्या JH22F-8686) चोरी होने की बात कही गई थी।
गिरफ्तार आरोपी
अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), कमलपुर, सीनी ओपी
करण बास्के (22 वर्ष), पदमपुर, कांड्रा थाना
कृष्णा नाथ उर्फ दुखु (22 वर्ष), लखीपुर, राजनगर थाना
पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। अंसारी उर्फ तेजा के खिलाफ पूर्व में कई चोरी और अन्य मामलों में केस दर्ज हैं, जबकि करण बास्के पर भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
