सरायकेला में नवंबर में होगा तीन दिवसीय ओड़िया नाटक महोत्सव, तैयारियां शुरू
Seraikella
सरायकेला: उत्कल युवा एकता मंच के तत्वावधान में सरायकेला के पब्लिक दुर्गा पूजा मैदान में नवंबर माह में तीन दिवसीय ओड़िया नाटक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर पब्लिक दुर्गा मंदिर परिसर में उत्कल युवा एकता मंच, गणपति ओपेरा और अन्नपूर्णा गणनाट्य के कलाकारों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ तीन दिवसीय ओड़िया नाटक का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान तीनों नाट्य संस्थाओं द्वारा एक-एक ओड़िया नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न नाट्य दलों एवं कलाकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उत्कल युवा एकता मंच के सचिव रूपेश साहू ने बताया कि ओड़िया भाषा और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से मंच लगातार इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने सभी ओड़िया भाषा-भाषियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल के बाद से उत्कल युवा एकता मंच द्वारा लगातार ओड़िया नाटकों का मंचन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर ओड़िया भाषा, संस्कृति और रंगमंच को नई पहचान मिल रही है।
बैठक में निदेशक घासी राम सतपति, शंकर सतपति, वरुण साहू सहित गणपति ओपेरा और अन्नपूर्णा गणनाट्य के कई कलाकार उपस्थित रहे।
