खूँटपानी के निम्न प्रगति वाले मतदान केंद्रों का अपर उपायुक्त ने किया निरीक्षण, एसआईआर-2026 के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश,
kharsawan
सरायकेला-खरसावां मे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) -2026 अभियान के तहत 57-खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने शुक्रवार को खूँटपानी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त ने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ निम्न प्रगति वाले मतदान केंद्र संख्या 83, 84, 93, 94 एवं 96 का दौरा किया। उन्होंने गणना प्रपत्र के वितरण, घर-घर सत्यापन, डिजिटाइजेशन तथा अन्य पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। डिजिटाइजेशन कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित बीएलओ को लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय रजिस्टर के आधार पर 20 जुलाई तक एएसडीडी मतदाताओं की सूची तैयार कर उसका डिजिटाइजेशन पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक से जुड़ी सभी कार्यवाहियां समय पर पूरी की जा सकें। जयवर्धन कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संकलन, अभिलेखों का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एस आई आर-2026 लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी, बीएलओ एवं कर्मी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
अपर उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सभी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन का साथ दें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, स्थानीय मुखिया तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
